Home » Blog » पौड़ी गढ़वाल : जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं पर हुई प्रभावी सुनवाई, अधिकांश मामलों का मौके पर समाधान

पौड़ी गढ़वाल : जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं पर हुई प्रभावी सुनवाई, अधिकांश मामलों का मौके पर समाधान

by anumannews

पौड़ी : अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 25 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनता मिलन में ग्राम स्वीत की उषा देवी ने क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर के पुनर्निर्माण तथा स्वीत-गहड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग उठाई। इस पर अपर जिलाधिकारी ने लघु सिंचाई विभाग को नहर की मरम्मत तथा लोक निर्माण विभाग को मोटर मार्ग के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

नगर पालिका पौड़ी के वार्ड-4 के राजेंद्र शाह, ग्वाड़ निवासी महावीर सिंह, जसकोट के भीम सिंह रावत तथा धूलेत के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या से अवगत कराया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

नगरपालिका पौड़ी के सभासद वार्ड-4 अरविंद रावत ने पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर डीएवी स्कूल के समीप सड़क के ऊपर झुके पेड़ से संभावित दुर्घटना की आशंका व्यक्त की। वहीं, भैंसवाड़ा निवासी राजपाल सिंह रावत ने वनाग्नि में क्षतिग्रस्त फलदार पेड़ों के मुआवजे की मांग की। इस पर अपर जिलाधिकारी ने वन विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सामाजिक कार्यकर्ता त्रिलोक सिंह रावत ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं के दृष्टिगत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 में संशोधन की मांग तथा बाजार में फल एवं सब्जी विक्रेताओं द्वारा रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने संबंधी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। इस पर अपर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी एवं नगर पालिका को आवश्यक परीक्षण एवं नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

इसके अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी ने सड़क मरम्मत, मोटर मार्गों पर सुरक्षा कार्य, भूमि सीमांकन, अतिक्रमण हटाने तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित प्रकरणों पर भी संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन के दौरान प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कल्जीखाल ब्लॉक के ग्राम सूला निवासी रजनी देवी की पेयजल समस्या का मौके पर समाधान कराया गया। अधिशासी अभियंता जल संस्थान ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन पर लगा कंट्रोलर (फैरूल) पूरी तरह चोक पाया गया था, जिससे तीन से चार परिवारों की जलापूर्ति बाधित हो रही थी। विभागीय फिटर द्वारा तत्काल खराबी दूर कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी गयी है।

बैठक में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।