- सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाया जाना था करीब 10 फीट हिस्सा.
- बैरिकेडिंग को लेकर पुलिस और भीड़ में झड़प; महिला टीआई घायल.
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई से पहले सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान पुलिस के साथ झड़प और पथराव की घटना सामने आई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद का करीब 10 फीट हिस्सा निर्धारित सड़क सीमा में बाधक माना जा रहा है। इसी हिस्से को हटाने के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी।
बातचीत के बाद हटाने पहुंचे थे समाजजन
बताया गया कि सोमवार सुबह प्रशासन और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई थी। इसके बाद समाज के कुछ लोग स्वयं मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान नारेबाजी शुरू हो गई और कुछ लोगों ने प्रस्तावित कार्रवाई का विरोध किया। मस्जिद के आसपास पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग की थी। स्थिति बिगड़ने पर भीड़ की ओर से बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास किया गया। इसके बाद पुलिस और भीड़ के बीच तनाव बढ़ गया।
पथराव में महिला पुलिस अधिकारी घायल
घटना के दौरान हुए पथराव में क्राइम ब्रांच की महिला टीआई पुष्पा पांचाल के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति पर निगरानी रखी गई।
मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित है सड़क चौड़ीकरण
उज्जैन में मास्टर प्लान-2035 के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 15 मीटर चौड़ी सड़क प्रस्तावित है। अधिकारियों के अनुसार शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा प्रस्तावित सड़क की सीमा में आ रहा है, जिसे हटाने की कार्रवाई की जा रही है। यह मार्ग महाकालेश्वर मंदिर, गोपाल मंदिर और शिप्रा तट को जोड़ता है। प्रशासन की ओर से सड़क चौड़ीकरण को आगामी सिंहस्थ-2028 और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने से जोड़ा गया है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।