Home » Blog » ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में राष्ट्रीय एलुमनाई मीट-2026 की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन

ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में राष्ट्रीय एलुमनाई मीट-2026 की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन

by anumannews
  • 28-29 नवंबर को आयोजित होगा दो दिवसीय राष्ट्रीय एलुमनाई मीट एवं अकादमिक कार्यशाला

हरिद्वार। ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन, हरिद्वार की एक महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक अध्यक्ष प्रोफ (डॉ.) वी के अग्निहोत्री, सचिव डॉ वेद भूषण शर्मा की अध्यक्षता में सुविधा होटल, हरिद्वार में आयोजित की गई। बैठक में एसोसिएशन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी दो दिवसीय राष्ट्रीय एलुमनाई मीट एवं अकादमिक कार्यशाला-2026 के आयोजन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन आगामी 28 एवं 29 नवंबर 2026 को ऋषिकुल राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेद महाविद्यालय, हरिद्वार परिसर में किया जाएगा।

बैठक में पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि देश-विदेश में कार्यरत ऋषिकुल के पूर्व छात्रों को एक मंच पर जोड़ते हुए इस आयोजन को ऋषिकुल की गौरवशाली शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय परंपरा से जोड़कर आयोजित किया जाएगा।

सचिव डॉ वेद भूषण शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के प्रथम दिन उद्घाटन समारोह, दीप प्रज्वलन, स्वागत संबोधन, मुख्य अतिथि का संबोधन एवं विशेष व्याख्यान के साथ अकादमिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। वैज्ञानिक शोध पत्रों की प्रस्तुति, पोस्टर प्रेजेंटेशन तथा विभिन्न व्यावहारिक कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में अग्निकर्म, क्षारसूत्र, रक्तमोक्षण एवं मर्म चिकित्सा जैसे आयुर्वेद के महत्वपूर्ण विषयों पर प्रदर्शन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ क्लिनिकल अपडेट्स, हैंड्स-ऑन वर्कशॉप तथा आयुर्वेद में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे समसामयिक विषयों पर विशेष व्याख्यान प्रस्तावित हैं।

सांस्कृतिक संध्या में शास्त्रीय नृत्य, लोकनृत्य, संगीत कार्यक्रम, एलुमनाई टैलेंट शो तथा कॉलेज जीवन की स्मृतियों पर आधारित विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेंगी। दूसरे दिन जनरल बॉडी मीटिंग, पूर्व छात्रों का सम्मान एवं पुरस्कार समारोह, भविष्य की योजनाओं पर चर्चा तथा समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

बैठक में आयोजन को व्यापक स्वरूप देने के लिए विभिन्न समितियों का गठन एवं दायित्व निर्धारण भी किया गया। पंजीकरण समिति की जिम्मेदारी डॉ. मनीषा दीक्षित, वित्त समिति का दायित्व डॉ. टी.के. गर्ग, वैज्ञानिक एवं स्मारिका समिति में डॉ. देवेंद्र शर्मा चमोली एवं डॉ. यदवेंद्र यादव, भोजन समिति में डॉ. अशोक पालीवाल एवं डॉ. अरुण कुमार, सांस्कृतिक समिति में डॉ. नरेश चौधरी, मंच एवं सजावट समिति में डॉ. पारुल शर्मा, प्रचार एवं मीडिया समिति में डॉ. अवनीश उपाध्याय, प्रायोजन एवं फंड रेजिंग समिति में डॉ. यू.एन. पांडे एवं डॉ. प्रमोद कपूर तथा स्वयंसेवक समिति में डॉ. वेद भूषण शर्मा को दायित्व सौंपा गया है। फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी समिति का दायित्व डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा प्रदर्शनी समिति का दायित्व डॉ. राजीव कुमार को दिया गया है।

बैठक में कार्यक्रम की समयबद्ध तैयारियों के लिए आगामी समीक्षा बैठकों का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया। इसके अंतर्गत 23 अगस्त, 13 एवं 27 सितंबर तथा 23 एवं 30 अक्टूबर 2026 को समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में पंजीकरण, प्रायोजन, वैज्ञानिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्मारिका प्रकाशन, प्रचार-प्रसार, मंच व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

अध्यक्ष प्रोफ (डॉ.) वी के अग्निहोत्री ने बताया कि आयोजन को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए ऋषिकुल की 105 से अधिक वर्षों की गौरवशाली विरासत पर विशेष प्रदर्शनी, विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान, युवा शोधकर्ता पुरस्कार एवं लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रस्तावित किए गए हैं। इसके साथ ही डिजिटल एलुमनाई डायरेक्टरी का विमोचन, ऋषिकुल म्यूजियम एवं हेरिटेज वॉक, एलुमनाई-स्टूडेंट करियर मेंटरशिप सेशन, ई-स्मारिका का प्रकाशन तथा देश-विदेश में रहने वाले पूर्व छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए लाइव स्ट्रीमिंग की योजना भी बनाई गई है।

डॉ देवेंद्र शर्मा चमोली ने कहा कि ऋषिकुल केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि आयुर्वेद शिक्षा, चिकित्सा एवं अनुसंधान की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। देश-विदेश में सेवा दे रहे ऋषिकुल के पूर्व छात्रों को एक मंच पर लाकर उनके अनुभव, ज्ञान एवं उपलब्धियों को नई पीढ़ी के विद्यार्थियों से जोड़ना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। इस अवसर पर पूर्व छात्रों के बीच आत्मीय संवाद, शैक्षणिक आदान-प्रदान तथा भविष्य की सामूहिक योजनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

मीडिया प्रभारी डॉ अवनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने राष्ट्रीय एलुमनाई मीट-2026 को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता एवं पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया। बैठक का समापन कार्यक्रम को सफल, गरिमापूर्ण एवं ऋषिकुल की ऐतिहासिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित करने के संकल्प के साथ हुआ। प्रस्तावित राष्ट्रीय एलुमनाई मीट एवं अकादमिक कार्यशाला को लेकर ऋषिकुल परिवार के पूर्व छात्रों में उत्साह का वातावरण है और आयोजकों को उम्मीद है कि देश के विभिन्न राज्यों एवं विदेशों में कार्यरत ऋषिकुल के पूर्व छात्र बड़ी संख्या में इस ऐतिहासिक आयोजन से जुड़ेंगे। बैठक में डॉ रमेश चंद्र गोयल संरक्षक, डॉ देवेंद्र शर्मा चमोली संरक्षक, डॉ विनीत कुमार अग्निहोत्री अध्यक्ष, डॉ नरेश कुमार चौधरी, संयोजक, डॉ प्रेम प्रकाश सतलेवाल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ वेद भूषण शर्मा सचिव, डॉ टीके गर्ग कोषाध्यक्ष, डॉ अवनीश उपाध्याय प्रचार मंत्री, डॉ उदय पांडे वरिष्ठ सदस्य, डॉ यादवेंद्र यादव उप सचिव, डॉ पारुल शर्मा उप सचिव, डॉ वीरेंद्र कुमार सदस्य, डॉ अरुण कुमार सदस्य, डॉ अमन गुप्ता आमंत्रित सदस्य आदि उपस्थित रहे।